सरकाघाट (मंडी)। नागरिक अस्पताल सरकाघाट में स्त्री रोग विशेषज्ञ (गायनोकॉलोजिस्ट) की अनुपलब्धता के कारण एक प्रवासी मजदूर महिला को एंबुलेंस में ही बच्चे को जन्म देना पड़ा। एंबुलेंस में तैनात फार्मासिस्ट राकेश कुमार सकलानी की तत्परता और सूझबूझ के चलते जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार 20 फरवरी को प्रसव पीड़ा होने पर महिला को नागरिक अस्पताल सरकाघाट लाया गया था। विशेषज्ञ न होने के कारण उसे नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। रास्ते में कलखर के पास महिला की पीड़ा अचानक बढ़ गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फार्मासिस्ट राकेश कुमार सकलानी ने साहस का परिचय दिया और एंबुलेंस में ही सामान्य प्रसव करवाया।
अस्पताल के एसएमओ डॉक्टर संजीव कुमार ने फार्मासिस्ट के कार्य की सराहना करते हुए बताया कि राकेश कुमार सकलानी पिछले 10-12 वर्षों से डिलीवरी एंबुलेंस सेवा में तैनात हैं। अपने लंबे अनुभव के आधार पर वे पहले भी कई आपातकालीन स्थितियों में सुरक्षित प्रसव करवाकर जिंदगियां बचा चुके हैं। फिलहाल जच्चा-बच्चा को अस्पताल में भर्ती किया गया है और दोनों की हालत स्थिर है।