जोगिंद्रनगर में केंद्रीय अनाज भंडार से 58 राशन डिपुओं को हो रही आपूर्ति
अधिकारियों की उदासीनता से गड़बड़झाले की संभावनाएं प्रबल
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर स्थित केंद्रीय अनाज भंडारण में सीसीटीवी कैमरे और चौकीदार की व्यवस्था न होने से सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। यहां एक लाख से अधिक राशन कार्ड उपभोक्ताओं के लिए आटा, चावल, दाल, तेल व चीनी का भंडारण होता है, जिसे 58 डिपुओं में प्रतिमाह वितरित किया जाता है और करीब दो करोड़ का कारोबार होता है।
केंद्रीय अनाज भंडारण जोगिंद्रनगर की प्रभारी बंदना का कहना है कि केंद्रीय अनाज भंडारण में राशन की आपूर्ति के लिए परिसर पर कुछ सीसीटीवी कैमरों के पुख्ता प्रबंध है। औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद ही वाहनों में आपूर्ति अधिकृत राशन के डिपो में हो रही है। रात्रिकालीन चौकीदार और अनाज भंडारण के भीतर सीसीटीवी कैमरों की औपचारिकताओं को विभाग के उच्च अधिकारियों से विचार विमर्श करने के बाद पूरा किया जाएगा।
एरिया मैनेजर, सिविल सप्लाई कार्पोरेशन जिला मंडी संजीव वर्मा का कहना है कि केंद्रीय अनाज भंडारण में मौजूद करोड़ों के राशन की निगरानी के लिए रात्रि कालीन चौकीदार की व्यवस्था और भीतर सीसीटीवी कैमरों से अनाज की निगरानी हो सके, इसके लिए अनाज भंडारण में मौजूद अधिकारियों से स्टेट्स रिपोर्ट तलब की जा रही है।