सुंदरनगर (मंडी)। ग्लेक्सी बॉक्सिंग अकादमी स्योसी के होनहार मुक्केबाज निशांत ने 69वीं अंडर-14 नेशनल स्कूल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता हाल ही में मध्य प्रदेश में आयोजित हुई थी। सुंदरनगर से सटे गांव स्योसी में पिछले एक दशक से ग्लेक्सी बॉक्सिंग अकादमी उभरते युवा बॉक्सरों को तैयार करने में अहम भूमिका निभा रही है।
अकादमी के संस्थापक व कोच खूब राम के मार्गदर्शन में कई बच्चों की खेल प्रतिभा निखरी है। पलौहटा निवासी निशांत ने इसी प्रशिक्षण का लाभ उठाते हुए यह उपलब्धि हासिल की। निशांत के घर पहुंचने से पहले अकादमी परिसर में कोच खूब राम व निशांत का भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर ग्राम पंचायत के लोग भी मौजूद रहे। निशांत की इस सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। संवाद