मूसलाधार बारिश से सुबह 4 बजे गिरा मलबा, 8 बजे तक बहाल हो पाया यातायात
दोनों तरफ फंसे रहे वाहन, बार-बार मंडी से कुल्लू एनएच पर हो रहा भूस्खलन बढ़ा रहे मुश्किलें
संवाद न्यूज एजेंसी
पंडोह (मंडी)। भारी बारिश ने एक बार फिर चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे की रफ्तार थाम दी। सोमवार रात से जारी मूसलाधार बारिश के चलते बुधवार सुबह करीब 4:00 बजे नौ मील और कैंची मोड़ के पास पहाड़ से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर गिर गए। इससे हाईवे पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया।
तेज बारिश के चलते रात में मलबा हटाने का कार्य शुरू नहीं हो पाया। सुबह करीब 6:00 बजे कंपनी की मशीनरी मौके पर पहुंची और मलबा हटाने का काम शुरू हुआ। लगभग 8 बजे तक मार्ग को एकतरफा यातायात के लिए खोल दिया गया। पुलिस की निगरानी में फंसे हुए वाहनों को सुरक्षित निकाला गया।
बता दें कि मंडी से औट तक चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे का यह हिस्सा लगातार भूस्खलन की चपेट में आ रहा है। बीते कुछ दिनों से जगह-जगह भूस्खलन हो रहा है। इस कारण सफर जोखिमपूर्ण हो गया है और यातायात प्रभावित हो रहा है।
उधर, पंडोह पुलिस चौकी के प्रभारी अनिल कटोच ने बताया कि उनकी टीम सुबह से ही मौके पर डटी रही और राहत कार्यों की निगरानी करती रही। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम को ध्यान में रखते हुए यात्रा करें और अनावश्यक जोखिम न उठाएं।
संवाद