जोगिंद्रनगर (मंडी)। उपमंडल जोगिंद्रनगर में वर्षा, बर्फबारी के बीच जगह-जगह हुए भूस्खलन से जलशक्ति विभाग की 9 पेयजल योजनाओं को 25.50 लाख की क्षति पहुंची है। ग्रामीण दुर्गम क्षेत्र डिगली, घटासनी हार, सरी, कुंड, चनेहड़, थरोट पांडू, दुल पंजन, काथला और जोगिंद्रनगर में पेयजल योजनाओं के प्रभावित होने से जलापूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित हुई।
शनिवार को जलशक्ति विभाग के कामगार क्षतिग्रस्त पेयजल योजनाओं को दुरुस्त करने में तैनात रहे। जलशक्ति विभाग डिविजन जोगिंद्रनगर के अधिशासी अभियंता शेखर कटोच ने बताया कि वर्षा, बर्फबारी और भूस्खलन से नौ पेयजल योजनाएं प्रभावित हुईं। इन्हें विभाग के मजदूरों ने तत्काल प्रभाव से दुरुस्त कर उपभोक्ताओं को राहत प्रदान की है। लाखों का नुकसान विभाग को पहुंचा है। संवाद