मंडी। जिले में कोरोना बेकाबू होने लगा है। बुधवार कोरोना संक्रमण के 430 नए मामले सामने आए हैं। लाल बहादुर शास्त्री नेरचौक मेडिकल कॉलेज और होम आइसोलेशन में नौ संक्रमितों की मौत हो गई। इनमें छह मंडी व तीन बिलासपुर जिले के रहने वाले थे। मंडी शहर के थनेहड़ा मोहल्ले के 75 वर्षीय व्यक्ति व करसोग के बड़ामांहु की 78 साल की महिला की होम आइसोलेशन में मौत हो गई। बिलासपुर जिले के घुमारवीं के रहने वाले 39 व लाहोट के 40 वर्षीय व्यक्ति की नेरचौक में मौत हो गई। इसी उपमंडल की 61 वर्षीय महिला की नेरचौक मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले रास्ते में मौत हो गई। सदर हलके के अलाथू की 87 वर्षीय, सुंदरनगर के हरिपुर की 75 वर्षीय व बल्ह हलके के खियुरी की 43 साल की महिला की भी संक्रमण से मौत हुई है।
सुंदरनगर उपमंडल के भोजपुर, शीशमहल, खरीहड़ी, कांगू, भड़ोह, चमुखा, जुगाहण, चत्तरोखड़ी, पलोहटा, जड़ोल, चिनार होटल, सलाबकोट, बीणा, डोढंवा, छात्तर, आंबेडकर नगर, एमएलएसएम कॉलेज की एक छात्रा समेत 32 लोग संक्रमित पाए गए हैं। बल्ह उपमंडल के ट्रोह, ढाबण, गुरुकोठा, जखेडू में चार, गोहर उपमंडल के परवाड़ा, गोहर, फग्वार बस्सी, कांढा में छह लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। जोगिंद्रनगर के मझारनु, हराबाग, ढेलू, चौंतड़ा, नेर, झलवान, कुंड, भडयाडा में कोरोना संक्रमण के 45 मामले आए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी मंडी डॉ. देवेंद्र शर्मा का कहना है कि जिले में बुधवार को कोरोना के 430 मामले आए हैं। नौ लोगों की मौत हुई है। इनमें तीन लोग बिलासपुर के हैं। उन्होंने कहा कि आरएटी जांच में 1496 टेस्ट में से 314 पॉजिटिव आए जबकि बाकी आरटीपीसीआर टेस्ट से संक्रमित निकले हैं।