बीमारी फैलने के कारणों की जांच में जुटी टीम
10 पेयजल सैंपल भरे, जांच रिपोर्ट का इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
गोहर (मंडी)। पठान गांव में डायरिया के नौ नए मरीज सामने आए हैं। जबकि 23 स्वस्थ्य हुए हैं। सभी नए मरीजों का उपचार घर में ही चल रहा है। विभाग अब बीमारी फैलने के कारणों का पता लगाने के लिए जुटा हुआ है। स्वास्थ्य और जलशक्ति विभाग ने 10 पेयजल सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।
दोनों विभागों की संयुक्त टीम ने गांव के प्राकृतिक जलस्रोतों और विभागीय टैंकों से पानी के नमूने भरे। गांव में डायरिया के मामले बढ़कर 84 पहुंच गए हैं। जबकि पांच मरीज अभी सिविल अस्पताल गोहर में भर्ती हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंचकर घर-घर जाकर मरीजों की स्थिति का जायजा ले रही है।
बीएमओ रोशन भारद्वाज ने ग्रामीणों से पानी उबालकर पीने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में दूषित पानी से जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ग्रामीण साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें और डायरिया, उल्टी, पेट दर्द या कमजोरी जैसे लक्षण होने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र में उपचार करवाएं। स्वास्थ्य विभाग और आशा कार्यकर्ता गांव में स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। वहीं, एसडीएम गोहर देवी राम खुद गांव पहुंचे और मरीजों से बातचीत की। इसी के साथ एहतियात बरतने के लिए कहा है।