सुंदरनगर/कटौला/चौंतड़ा (मंडी)। राजकीय बहुतकनीकी संस्थान सुंदरनगर के सभागार में बुधवार को उपमंडल स्तरीय राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं एसडीएम सुंदरनगर प्रियंका वर्मा उपस्थित हुईं। राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर उपस्थित नागरिकों, मतदाताओं व विद्यार्थियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ दिलाई गई। इसके बाद मतदाता सूची में सम्मिलित सुंदरनगर निर्वाचन क्षेत्र के 12 मतदान केंद्रों के नए मतदाताओं को मुख्यातिथि द्वारा फोटो पहचान पत्र वितरित किए गए।
इस अवसर पर राजकीय बहुतकनीकी संस्थान सुंदरनगर के प्रधानाचार्य आरके शर्मा, सुंदरनगर के निर्वाचन कानूनगो दीवान सिंह ठाकुर व सुनील कुमार बारह मतदान केंद्रों के बूथ स्तर अधिकारी भी उपस्थित रहे। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दसेहड़ा में भी मतदाता दिवस और पूर्ण राज्यत्व दिवस धूमधाम से मनाया गया। प्रधानाचार्य तेज सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किए गए। पेंटिंग प्रतियोगिता में शालू व प्रीतम प्रथम, शिल्पा व विनय ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि तीसरे स्थान पर अनिल व कुलदीप रहे। क्विज स्पर्धा में टैगोर हाउस प्रथम, कलाम व लक्ष्मी हाउस द्वितीय व सुभाष हाउस तृतीय स्थान पर रहा।
निबंध लेखन में टैगोर व कलाम ने पहला, सुभाष हाउस ने दूसरा और लक्ष्मी हाउस ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के बाद बच्चों ने जागरूकता रैली निकाली। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या में प्रधानाचार्य मनोज वालिया की अध्यक्षता में मतदाता दिवस पर जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऐहजू में कार्यकारी प्रधानाचार्य अजय शर्मा की अध्यक्षता में मतदाता दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कटौला व बागी में मतदाता दिवस पर स्कूली बच्चों ने जागरूकता रैली निकाली।