पंचम चरण की सर्वेक्षण प्रक्रिया हुई शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
पधर (मंडी)। विकास खंड द्रंग की समस्त पंचायतों की बीपीएल परिवारों के चयन की पंचम चरण की सर्वेक्षण प्रक्रिया 3 मार्च से शुरू हो गई है। प्रथम से चतुर्थ चरण तक के सर्वेक्षण के दौरान प्राप्त आवेदनों पर विचार किया जाएगा। नवीन आवेदन 12 मार्च तक स्वीकार किए जाएंगे।
उपमंडल अधिकारी पधर ने त्रिस्तरीय सत्यापन समिति का गठन किया है, जिसमें पंचायत सचिव, पटवारी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शामिल हैं। पंचायत स्तर की सत्यापन समिति प्रथम से चतुर्थ चरण के दौरान प्राप्त आवेदनों, नवीन आवेदनों की छंटनी करके 14 मार्च से पहले समस्त आवेदनों की सत्यता बारे मौका जांच और पात्र बीपीएल परिवारों की प्राथमिकता सूची तैयार कर दी जाएगी।
विकास खंड अधिकारी पधर विनय चौहान ने कहा कि जो भी इच्छुक परिवार बीपीएल सूची में शामिल होना चाहते हैं वे अपने आवेदन घोषणा पत्र के साथ अपनी पंचायत में प्रस्तुत करें। पंचम चरण में ऐसे परिवार जिनके सभी व्यस्क सदस्यों ने वित्तीय वर्ष में मनरेगा के तहत कम से कम 50 दिन का काम किया हो, उन्हें शामिल किया जाएगा। कहा कि खंड स्तरीय सत्यापन समिति दस्तावेजों की उचित जांच करेगी। 18 मार्च तक खंड स्तरीय समिति ने ऐसे परिवारों को पंचायत वार अधिसूचित कर बीपीएल परिवारों पंचम चरण की सूची के रूप में प्रकाशित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार के अनुमोदन के उपरांत ही खंड स्तरीय सत्यापन समिति ने पात्र किए गए परिवारों को पंचायत सचिव ने बीपीएल सूची में शामिल किया जाएगा।