मंडी। राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम लिमिटेड (एनएसआईसी) प्रशिक्षण केंद्र रामनगर मंडी में 2025-26 के लिए विभिन्न निशुल्क कौशल विकास पाठ्यक्रमों में प्रवेश आरंभ कर दिए गए हैं। प्रशिक्षण केंद्र में छह निशुल्क पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
केंद्र के मुख्य प्रबंधक लोकेश भाटिया ने बताया कि सेल्फ इंप्लाइड टेलर, डिजिटल अकाउंटिंग, डाटा एंट्री एंड ऑफिस असिस्टेंट, क्रोशिया लेस टेलर, बेसिक हैंड ब्लॉक प्रिंटिंग और बेसिक हैंड एम्ब्रॉयडरी शामिल हैं। इन प्रशिक्षणों की अवधि 15 दिन से लेकर 6 माह तक की रहेगी। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आठवीं से बारहवीं कक्षा तक निर्धारित की गई है। प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले अभ्यर्थियों को भारत सरकार की ओर से मान्यता प्राप्त प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश निशुल्क हैं। प्रशिक्षण के दौरान सभी आवश्यक सामग्री एवं उपकरण एनएसआईसी केंद्र की ओर से उपलब्ध करवाए जाएंगे। इन पाठ्यक्रमों में विशेष रूप से महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
मुख्य प्रबंधक लोकेश भाटिया ने बताया कि आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 नवंबर निर्धारित की गई है। यदि सीटें शेष रहती हैं तो आवेदन 31 दिसंबर तक भी स्वीकार किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को दो पासपोर्ट आकार के फोटो, आधार कार्ड तथा शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की प्रतिलिपियों सहित आवेदन पत्र जमा करवाना होगा। संवाद