राज्य स्तरीय नवलाड़ मेला सुंदरनगर में गत वर्ष आय से अधिक खर्चा हुआ है।
करीब 16 लाख रुपये आय से अधिक खर्च किए गए हैं। मेले से कुल 96 लाख 47 हजार
715 रुपये की आय अर्जित हुई। वहीं मेले पर कुल एक करोड़ 13 लाख राशि खर्च
हुई। 22-28 मार्च तक सुंदरनगर में आयोजित किए जाने वाले राज्य स्तरीय
नलवाड़ मेला एवं 11-15 अप्रैल तक परंपरागत देवता मेला मनाया जाएगा।
मेलों
के सफल आयोजन को लेकर शुक्रवार को पंचायत समिति सभागार सुंदरनगर में नलवाड़
एवं देवता मेला कमेटी ने एक बैठक अध्यक्ष एवं एसडीएम राजीव कुमार की
अध्यक्षता में हुई। जिसमें मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर ने बतौर मुख्य
अतिथि शिरकत की। इस मौके पर निर्णय लिया गया कि इस बार भी नलवाड़ मेले के
दौरान छह सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा। जिसमें स्थानीय
कलाकारों के सात बाहरी राज्यों से भी कलाकारों को बुलाया जाएगा।
मेले में
आने वाले पशुओं की जांच के लिए विभिन्न स्थानों पर प्रवेश द्वार स्थापित
किए जाएंगे। जहां पर सीसीटीवी के साथ पशुओं का पंजीकरण किया जाएगा। मेले
में आने वाले मवेशियों के स्वास्थ्य की भी जांच की जाएगी। जिससे कोई मेले
की आड़ में अपने नकारा पशुओं को न छोड़ जाए। मेले के दौरान नगौण खड्ड में
पशु पालकों को रात ठहरने के लिए शेड बनाए जाएंगे।
वहीं मेला स्थल पर
महिलाओं व पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय बनाये जाएंगे। 27-28 मार्च को
नलवाड़ मेले के दौरान दंगल का भी आयोजन किया जाएगा। जिसमें करीब 5 लाख के
इनाम बांटे जाएंगे। मेले के समापन के बाद दुकानदारों से सफाई शुल्क भी लिया
जाएगा। मेले के दौरान सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस व होमगार्ड के जवान
तैनात किए जाएंगे। परंपरागत देवता मेला में भाग लेने के लिए सुकेत व मंडी
जनपद के पंजीकृत करीब डेढ़ सौ देवताओं को आमंत्रित किया जाएगा।
इस दौरान गत
वर्ष की भांति ही देवताओं को नजराना व सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएगी। फैसला
लिया गया कि नलवाड़ व परंपरागत देवता मेला के बाद 22 अप्रैल तक जवाहर
पार्क में हाट बॉट सजेगा। बैठक में डीएसपी कुलभूषण वर्मा, तहसीलदार वेद
प्रकाश, नगर परिषद अध्यक्ष
पूनम शर्मा, उपाध्यक्ष दीपक सेन, पंचायत समिति अध्यक्ष सोहन लाल,
उपाध्यक्ष लेखराज डैनी, समाजसेवी ई. एजी शेख व नगर परिषद ईओ उर्वशी वालिया
मौजूद रही।