मंडी। स्वच्छ भारत मिशन के तहत मंडी शहर में 20 पब्लिक और कम्यूनिटी शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए नगर परिषद मंडी और शहरी विकास विभाग ने कवायद शुरू कर दी है। विभाग के सिटी लेबल टैक्नीकल सेल ने शौचालयों के निर्माण के लिए प्रारंभिक रिपोर्ट तैयार कर विभाग निदेशालय को सौंप दी थी। जिस पर विभाग निदेशालय ने सिटी लेबल टेक्नीकल सेल (सीएलटीसी) और नगर परिषद स्टाफ व पार्षदों के साथ मिलकर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करना शुरू कर दी है।
सीएलटीसी ने नगर परिषद मंडी के 13 वार्डों में शौचालय निर्माण के लिए स्थान चिन्हित कर लिए हैं। अब इन स्थानों पर पार्षदों के साथ मिल कर शौचालय निर्माण संबंधी रिपोर्ट विस्तार में तैयार की जाएगी। इस रिपोर्ट में शौचालय निर्माण संबंधी सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जाएगा। नगर परिषद मंडी में कार्य कर रहे सिटी लेबल टेक्नीकल सेल ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है।
27 परिवारों को मिले व्यक्तिगत शौचालय
भारत स्वच्छ मिशन के तहत नगर परिषद मंडी में 27 परिवारों को व्यक्तिगत शौचालय के निर्माण के लिए पहली किस्त जारी कर दी गई है। योजना के तहत केंद्र और राज्य सरकार 5333 रुपये का अनुदान प्रदान कर रही है। जिसकी पहली किस्त दो हजार रुपये नप मंडी के 27 परिवारों को जारी कर दी गई है। योजना के तहत केंद्र चार हजार रुपये और राज्य सरकार 1333 रुपये प्रदान कर रही है।
कहां-कहां बनेंगे शौचालय
डीसी रेजीडेंस से नीचे, पेट्रोल पंप के नजदीक, हैपी सर्विस स्टेशन के नीचे, भंगोली, स्कोहडी खड्ड ब्रिज, घाट के नजदीक, जैंचू का नौण, प्राइमरी स्कूल के नजदीक, आईपीएच ऑफिस, तहसील कार्यालय के नजदीक, पुलघराट, कोयल होटल के नजदीक, भ्यूली पुल के समीप, सौली खड्ड, आरटीओ ऑफिस, भीमाकाली मंदिर के नजदीक, बीडीओ ऑफिस भ्यूली के नजदीक, भंगोली कॉलोनी भ्यूली के नजदीक पब्लिक शौचालय बनाए जाने प्रस्तावित हैं। वहीं, पंचबकत्र मंदिर व लोअर खलियार में कम्यूनिटी शौचालय बनाए जाने का प्रस्तावित है।
शहर में 20 कम्यूनिटी और पब्लिक शौचालय बनाया जाना प्रस्तावित है। जिसके लिए प्रारंभिक रिपोर्ट तैयार कर विभाग निदेशालय को प्रेषित की गई थी। निदेशालय ने शौचालय निर्माण के लिए विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश मिले हैं। नप अध्यक्षा और पार्षदों के साथ मिल कर जल्द ही विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
...उर्वशी वालिया कार्यकारी अधिकारी नप मंडी