जोगिंद्रनगर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश में स्वच्छ व समृद्ध नगर परिषद के सर्वेक्षण में नगर परिषद जोगिंद्रनगर ने प्रदेश भर में तीसरा स्थान हासिल किया है। लाखों रुपये के पुरस्कार की संभावनाओं को प्रबल करते हुए स्थानीय निकाय ने यह सफलता हासिल की है। स्वच्छता रैंकिंग में भी सुधार लाकर नगर परिषद जोगिंद्रनगर ने मंडी जिला में नाम कमाया है।
बुधवार को नगर परिषद के उपाध्यक्ष अजय धरवाल ने बताया कि गीले व सूखे कचरे के वैज्ञानिक ढंग से निस्तारण, वार्डों में कचरे के हॉट स्पॉट को साफ सुथरा रखने, स्वच्छता पर वार्डवासियों में जागरूकता फैलाने पर यह रैंक मिला है। इसके अलावा चल्हारग स्थित डंपिंग साइट में भी स्वच्छता मापदंडों पर खरा उतरने पर यह कीर्तिमान प्रदेश भर में स्थापित किया है।
नगर परिषद की अध्यक्ष ममता कपूर ने बताया कि स्वच्छता कार्यों के लिए प्रति माह पांच लाख का बजट खर्च कर दो हजार के करीब उपभोक्ताओं को डोर टू डोर गारबेज कलेक्शन के लिए 30 से अधिक सफाई कर्मचारियों की मेहनत रंग लाई है। सफाई निरीक्षक मनोज शर्मा, सफाई पर्यवेक्षक रविकांत ने बताया कि सामुदायिक शौचालयों में भी स्वच्छता प्रदेशभर में तीसरा स्थान लाने में कर्णधार बनी है।
स्वच्छता सर्वेक्षण में नगर परिषद जोगिंद्रनगर का शानदार प्रदर्शन रहा। वार्ड पार्षदों की अगुवाई में सफाई कर्मचारियों की मेहनत रंग लाई है।
-डॉ. मुकुल अनिल शर्मा, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद