सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल के अंतर्गत हराबाग में झारखंड निवासी एक कामगार ने दूसरे की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सूचित कर दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक झारखंड के थाना बालकोट निवासी बसंत लोहारा और पखलू भगत बीबीएमबी के ठेकेदार के अधीन हराबाग के समीप काम करते थे। इस दौरान वे हराबाग में ही शेड बनाकर उसमें रह रहे थे। सोमवार रात करीब साढ़े बारह बजे दोनों में किसी बात को लेकर आपस में कहासुनी हो गई। इस दौरान पखलू भगत ने गुस्से में आकर बसंत के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। जिस कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसने शव को कब्जे में लेकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। डीएसपी संजीव भाटिया ने बताया शव का पोस्टमार्टम यहां के नागरिक अस्पताल में करवाया गया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी इस वारदात के बारे में सूचित कर दिया है। वहीं आरोपी पखलू भगत के खिलाफ भारतीय दंड सहिता की धारा 302 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। देर शाम तक आरोपी को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया चल रही थी।