मंडी। त्योहारी सीजन में मंडी शहर की सड़कों, गलियों, चौराहों और बाजारों में बढ़ते अतिक्रमण को रोकने के लिए नगर परिषद के अधिकारी और कर्मचारी खासी मशक्कत कर रहे हैं। अतिक्रमणकारी कुछ देर के लिए रेहड़ी-फड़ी हटाकर निगम की टीम के जाते ही दोबारा सामान सजा रहे हैं। इससे शहर की सुंदरता खराब हो रही है और ग्राहकों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
त्योहारी सीजन को देखते हुए हर वर्ग के लोग मंडी शहर में तरह-तरह के उत्पादों की छोटी-छोटी दुकानें सजाकर पैसा कमा रहे हैं। दिवाली पर्व पर कलेंडर, मिट्टी के दीपक, सजावटी प्लास्टिक के फूल, मोमबती, फूलों के गुलदस्ते, मालाएं, घास से तैयार घिरशू सहित अन्य साज सज्जा के सामान की सैकड़ों दुकानें सजाई जा रही हैं।
दिवाली से कुछ दिन पहले ही शहर में दुकानें सजाने के लिए अतिक्रमण का दौर शुरू हो गया है। कुछ लोग अपनी दुकानों के लिए टाट, दरी व चट्टाइयां बिछा कर कब्जा जमा रहे हैं तो दुकानदार दुकान के बाहर सामान सजा रहे हैं। इस बीच निगम की टीम भी सक्रिय हो गई और कार्रवाई कर रही है, लेकिन चंद मिनटों बाद दोबारा स्थिति पहले जैसी बन रही है।
स्थानीय निवासी हेमराज, पंडोह के नागणु राम, बिहणधार के बालक राम, प्रवासी महिला राजो देवी, बंती देवी, रेशमा सहित अन्यों का कहना है कि वह पिछले कई वर्षों से त्योहारी सीजन में मंडी शहर के बाजारों में छोटी-मोटी रेहड़ी-फड़ी लगा रहे हैं। हालांकि वह निगम को पर्ची कटवा कर अनुमति भी लेते हैं, लेकिन कर्मचारियों द्वारा उन्हें बेवजह तंग किया जाता है। उन्होंने निगम प्रशासन से गुहार लगाई है कि त्योहारी सीजन में उन्हें बाजारों में बैठने की अनुमति दी जाए, ताकि वह कुछ राशि अर्जित कर अपनी आर्थिकी को मजबूत कर सकें।
नगर निगम के सफाई निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि त्योहारी सीजन से एक दो दिन पूर्व लोगों को सेरी मंच और इंदिरा मार्केट की छतों पर दुकानें सजाने की अनुमति दी जाती है, लेकिन लोग कई दिन पहले ही बाजारों में जगह के लिए कब्जा कर रहे हैं। ऐसे में बाहर से आने वाले लोगों को चलने में असुविधा हो रही। वहीं, निगम आयुक्त एचएस राणा ने बताया कि बुधवार को निगम की टीम ने इंदिरा मार्केट का निरीक्षण किया। दुकानदारों द्वारा रास्तों पर फैलाए सामान को हटाया गया।
मंडी के इंदिरा मार्केट में अतिक्रमण हटाते नगर निगम अधिकारी व कर्मचारी संवाद