मंडी शहर में अतिक्रमण हटाने को लेकर कार्रवाई करते नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारी संवाद
- फोटो : Mandi
मंडी। नगर निगम ने मंडी शहर में अतिक्रमण करके लोगों के लिए सड़कों, रास्तों और गलियों में दिक्कतें पैदा करने वाले कारोबारियों पर शिकंजा कसा गया। पहले तो माइक पर चेतावनी देकर स्वयं ही अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी दी गई, मगर जब वे नहीं माने तो नगर निगम की टीम ने खुद सामान को उठाया।
इससे पहले नगर निगम ने सभी लोगों, कारोबारियों, दुकानदारों, रेहड़ी-फड़ी धारकों को आगाह करते हुए अपना सामान और रेहड़ियां हटाने को चेताया गया। बार-बार कहने पर भी कारोबारी नहीं मान रहे थे। बुधवार को कार्रवाई करते हुए मंडी शहर के भूतनाथ गली, चंद्रलोक गली, महाजन बाजार, समखेतर बाजार, मोती बाजार, चौहटा, सेरी, गांधी चौक, स्कूल बाजार, इंदिरा मार्केट, अस्पताल मार्ग समेत अन्य बाजारों में दुकानदारों का सामान पीछे हटाया गया और चेतावनी दी कि अगर दोबारा वह ऐसा करेंगे तो चालान होगा और सामान को भी जब्त किया जाएगा।
नगर निगम के संयुक्त आयुक्त कृष्ण कुमार शर्मा ने बताया कि निगम ने शहर को अवैध कब्जों से मुक्त करवाने के लिए अभियान छेड़ा है। इसमें अभी दुकानदारों और अवैध कब्जाधारकों को कब्जे और अतिक्रमण को हटाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह मुहिम निरंतर जारी रहेगी। सहयोग न करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।