जोगिंद्रनगर (मंडी)। नगर परिषद जोगिंद्रनगर की आम सभा में पार्षदों के नहीं पहुंच पाने से मासिक बैठक रद्द हो गई। इससे शहरी क्षेत्र के सात वार्डों के विकास कार्यों सहित अन्य योजनाओं से संबंधित प्रस्ताव भी पारित नहीं हो पाए। वहीं, नए कार्यों के लिए बजट को मंजूरी नहीं मिल पाई।
शनिवार को नगर परिषद के सभागार में सुबह 11 बजे मासिक बैठक बुलाई गई थी। बैठक के लिए नगर परिषद अध्यक्ष प्रेरणा ज्योति, कार्यकारी अधिकारी आदित्य चौहान और दो पार्षद शिखा और प्यार चंद तय समय पर पहुंच गए। दो मनोनीत पार्षद प्रशांत शर्मा और सुनीत कुमार के साथ अन्य पार्षदों का करीब 12 बजे तक इंतजार किया गया। मगर वे नहीं पहुंचे, इससे मासिक बैठक को रद्द करना पड़ा।
शहर के करीब सात हजार आबादी के लोगों और सभी वार्डों के विकास कार्यों को लेकर आमंत्रित इस बैठक में नगर परिषद के उपाध्यक्ष भी नहीं पहुंच पाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को मासिक 1500 रुपये देने की इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने के लिए वह अपने कार्यालय में व्यस्त रहे, जिस कारण वह मासिक बैठक में नहीं पहुंच पाए। वहीं, पार्षद राजीव कुमार, ममता कपूर और शीला भी मासिक बैठक में नहीं पहुंच पाई।
नगर परिषद जोगिंद्रनगर की अध्यक्ष प्रेरणा ज्योति ने बताया कि मासिक बैठक में कोरम पूरा न होने से वार्ड तीन, चार, पांच और सात के प्रस्तावित कुल 12 विकास कार्यों के प्रस्ताव पारित नहीं हो पाए। पूर्व में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा भी नहीं हो पाई, जबकि नए विकासात्मक कार्यों के बजट पर भी चर्चा नहीं हो पाई।