मां- बेटी को बंदरों के झुंड ने घेरा, स्थानीय लोगों ने मुश्किल से बचाया
बंदरों के आतंक से भोजपुर के लोग परेशान, पुजारी समेत मां-बेटी पर हमला
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। सुंदरनगर के भोजपुर क्षेत्र में बंदरों के आतंक से स्थानीय लोग परेशान हैं। गोपाल मंदिर जा रहे पुजारी पर बंदरों के झुंड ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। बंदरों ने पुजारी शंकर दत्त की धोती और कुर्ता फाड़ दिया। हमले में घायल पुजारी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा। वहीं, वीरवार सुबह स्थानीय निवासी डिंपल शर्मा और उनकी बेटी धृति शर्मा पर भी बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया। बंदरों ने काफी देर तक मां-बेटी को घेरकर रखा, जिससे वे भयभीत हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार सुंदरनगर के भोजपुर बाजार स्थित गोपाल मंदिर गली और आसपास के क्षेत्रों में कुछ लोग घरों का बचा हुआ भोजन, कूड़ा-कचरा और अन्य खाद्य सामग्री मंदिर की सीढ़ियों व सड़क किनारे फेंक देते हैं। इसके चलते क्षेत्र में बंदरों, आवारा कुत्तों और बैलों का जमावड़ा लगा रहता है। स्थानीय निवासी योगेश सेन, हंसिका, सुधीर सेन, अनामिका, अंशुल शर्मा और भूपेंद्र सेन ने बताया कि बंदर 25 से 30 के झुंड में भोजन की तलाश में क्षेत्र में पहुंचते हैं। जब उन्हें पर्याप्त भोजन नहीं मिलता तो वे घरों में घुसकर खाने-पीने का सामान तलाशते हैं। कई बार सामान छीनने या भोजन की तलाश में वे आक्रामक हो जाते हैं। लोगों ने वन विभाग, नगर परिषद सुंदरनगर और एसडीएम सुंदरनगर को ज्ञापन सौंपकर बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।
बॉक्स
मंकी कैचर किए जाएंगे नियुक्त
नगर परिषद सुंदरनगर के कार्यकारी अधिकारी ललित कुमार ने बताया कि क्षेत्र में बंदरों की संख्या बढ़ी है। बंदरों को पकड़ने के लिए मंकी कैचर हायर किए जाएंगे। जल्द ही बंदरों को पकड़ने का अभियान शुरू किया जाएगा।
—