बरसात में बाढ़ जैसी स्थिति में बचाव का होगा अभ्यास
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। एसडीएम कार्यालय सुंदरनगर में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता एसडीएम सुंदरनगर गिरीश समरा ने की। उन्होंने बताया कि उपमंडल सुंदरनगर में आपदा से बचाव के लिए मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। बैठक में अधिकारियों के साथ मॉक ड्रिल के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की तथा आपदा प्रबंधन योजना के सभी पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की।
मॉक ड्रिल में पुलिस, अग्निशमन सेवा, वन, स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन शामिल रहेंगे। माॅक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य बाढ़ की स्थिति में बचाव के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय को सुनिश्चित करना और उनकी तत्परता को परखना है। उन्होंने बताया कि मॉक ड्रिल के लिए 12 जून सुबह 9:30 बजे टेबल टॉप एक्सरसाइज का आयोजन किया जाएगा। इसमें आपदा की स्थिति में की गई तैयारियों का मूल्यांकन होगा, जबकि 14 जून को नागरिक चिकित्सालय सुंदरनगर में मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। बताया कि सभी विभागों की अपनी-अपनी आपदा प्रबंधन योजनाएं हैं, जिनकी मॉक ड्रिल के माध्यम से परख होगी। बैठक में आपदा के समय प्रशासनिक तैयारियों और प्रबंधन को लेकर भी चर्चा की गई। कहा कि आने वाले मानसून मौसम को ध्यान में रखते हुए उपमंडल के सभी विभाग सतर्क रहें, तथा समय रहते सभी प्रबंध पूरे कर लें।