क्रैच कार्यकर्ता के लिए 12वीं, सहायिका के लिए 10 वीं है शैक्षणिक योग्यता
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से मिशन शक्ति-पालना योजना के अंतर्गत स्वीकृत आंगनबाड़ी-एवं-पालना केंद्रों में क्रैच कार्यकर्ता और क्रैच सहायिका के रिक्त पद भरे जाएंगे। इन केंद्रों में समेकित बाल विकास सेवाओं के साथ कामकाजी महिलाओं के बच्चों की उचित देखभाल और सुरक्षा के लिए डे-केयर सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।
बाल विकास परियोजना अधिकारी मंडी सदर जितेंद्र सैनी ने बताया कि क्रैच कार्यकर्ता को 5500 रुपये तथा क्रैच सहायिका को 3000 रुपये प्रतिमाह मानदेय प्रदान दिया जाएगा। नगर निगम मंडी के वार्ड भगवाहन (दरम्याना-2), थनेहड़ा (थनेहड़ा-1), सुहड़ा (लोअर सुहड़ा-2) और नेरचौक के वार्ड नंबर 2 ढांगू केंद्र में क्रैच कार्यकर्ता और क्रैच सहायिका के दोनों पदों को भरा जाएगा। इन पदों के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 25 मार्च निर्धारित की गई है। उपमंडल बल्ह से संबंधित अभ्यर्थियों के साक्षात्कार 27 मार्च को एसडीएम कार्यालय बल्ह तथा उपमंडल सदर से संबंधित अभ्यर्थियों के साक्षात्कार 28 मार्च को एसडीएम कार्यालय मंडी में आयोजित किए जाएंगे। क्रैच कार्यकर्ता और सहायिका के पद के लिए केवल महिला उम्मीदवार ही पात्र होंगी तथा उनकी आयु अधिसूचना जारी होने की तिथि को 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए।