फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mandi News: क्षेत्रीय अस्पताल परिसर में शरारती तत्वों ने क्षतिग्रस्त की ऑक्सीजन पाइपलाइन

विज्ञापन
विज्ञापन
50 हजार का नुकसान, करीब पांच हजार के पाइप चुराए
विज्ञापन

पुलिस में दर्ज करवाई शिकायत, सीसीटीवी फुटेज से होगा खुलासा
क्षेत्रीय अस्पताल मंडी के निजी वार्डों व ऑपरेशन थियेटर में होती है ऑक्सीजन की आपूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में शरारती तत्वों ने ऑक्सीजन आपूर्ति की पाइपलाइन को क्षतिग्रस्त कर उसका कुछ हिस्सा चोरी कर लिया। यह पाइप लाइन अस्पताल के निजी वार्डों और ऑपरेशन थिएटर में ऑक्सीजन आपूर्ति के लिए उपयोग में लाई जाती है। घटना का पता चलते ही अस्पताल प्रशासन ने पुलिस चौकी सिटी में प्राथमिकी दर्ज करवाई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे अस्पताल की सुरक्षा में तैनात कर्मी जीएनएम स्कूल की ओर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें ऑक्सीजन लीक होने की आवाज सुनाई दी। मौके पर जाकर जांच करने पर पाया गया कि ऑक्सीजन आपूर्ति के पाइप को क्षतिग्रस्त किया गया है और उसका कुछ हिस्सा चोरी कर लिया गया है।
विज्ञापन

घटना की सूचना तुरंत अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक और चिकित्सकीय स्टाफ को दी गई। इसके बाद अस्पताल प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लेने के बाद पुलिस में प्राथमिकी दर्ज करवाई। पुलिस अब अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
अस्पताल प्रशासन ने क्षतिग्रस्त ऑक्सीजन पाइप की मरम्मत और उसे बदलने का काम शुरू कर दिया है, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रशासन के अनुसार अस्पताल में ऑक्सीजन सिलिंडरों के माध्यम से वैकल्पिक व्यवस्था भी उपलब्ध है।
बताया जा रहा है कि अस्पताल परिसर में इससे पहले भी चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कई बार शातिरों और नशे के आदी लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया, लेकिन उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। इससे ऐसे लोगों के हौसले बढ़ गए हैं और वे बार-बार चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। जानकारी के अनुसार ऑक्सीजन आपूर्ति के पाइप में तांबा होने के कारण चोर इसे निशाना बना रहे हैं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार इस घटना में करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है, जबकि लगभग पांच हजार रुपये के पाइप चोरी हुए हैं।
विज्ञापन

बॉक्स
अस्पताल के निजी वार्डों और ऑपरेशन थियेटर के लिए ऑक्सीजन आपूर्ति पाइप को शरारती तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर उसका कुछ हिस्सा चोरी कर लिया है। मामले में पुलिस में प्राथमिकी दर्ज करवा दी गई है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से जल्द ही चोरों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल में ऑक्सीजन सिलिंडरों की पर्याप्त व्यवस्था है, इसलिए मरीजों के उपचार पर कोई असर नहीं पड़ेगा। -डॉ. दिनेश ठाकुर, एमएस, क्षेत्रीय अस्पताल मंडी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें