सराज घाटी के गुराण में चोरी हुए वाहन के टायर। स्त्रोत- जागरूक पाठक
गाड़ी पत्थरों पर खड़ी कर दिया वारदात को अंजाम
पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज करा कार्रवाई की लगाई गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
थाची (मंडी)। सराज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत गुराण के गांव खईधार से चोरी का ताजा मामला सामने आया है। चोरों ने रात के समय एक पिकअप जीप के पीछे के दोनों टायर चोरी कर लिए। पिकअप जीप के मालिक भूप सिंह पुत्र दौलाराम ने बताया कि उन्होंने अपनी गाड़ी घर के पास खड़ी की थी। रात के समय चोरों ने गाड़ी को पत्थरों पर खड़ा कर उसके दोनों पीछे के टायर निकाल लिए और भाग गए। सुबह जब भूप सिंह गाड़ी के पास पहुंचे तो दोनों टायर गायब देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी और थाना में शिकायत दर्ज करवाई। ग्राम पंचायत गुराण के पूर्व प्रधान इंद्र सिंह ने कहा कि पहले चोरी की घटनाएं अधिकतर शहरों में होती थीं, लेकिन अब शहरों में सीसीटीवी कैमरे लगने के कारण चोर ग्रामीण क्षेत्रों की ओर रुख कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है।