कोटली (मंडी)। उपमंडल की विभिन्न दुग्ध सोसायटियां पशुपालकों से दूध एकत्र कर मिल्क फेडरेशन को आपूर्ति कर रही हैं, लेकिन दुग्ध उत्पादकों को समय पर भुगतान न मिलने के कारण रोष है। भरगांव दुग्ध सोसायटी के दुग्ध उत्पादकों का आरोप है कि पिछले वर्ष नवंबर और दिसंबर 2025 की दूध की राशि अब तक लंबित है।
दुग्ध उत्पादकों का कहना है कि जब से कांग्रेस सरकार की ओर से दूध के दाम बढ़ाए गए हैं तबसे भुगतान में लगातार देरी हो रही है। एक माह की पेमेंट हमेशा लंबित चल रही है। बताया कि उनके घर का खर्च, बच्चों की स्कूल फीस, पशुओं के लिए चारा और पशु आहार जैसी आवश्यकताएं पूरी तरह दूध की आय पर निर्भर हैं। यदि हर माह समय पर भुगतान न मिले तो उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ता है। दुग्ध उत्पादक परम देव चौहान, बिमला देवी और चेत राम का कहना है कि वे कई बार मिल्क फेडरेशन और सरकार से आग्रह कर चुके हैं कि दूध की राशि हर माह की 5 या 10 तारीख तक जारी की जाए।
वहीं, दुग्ध उत्पादक कृष्ण ठाकुर ने बताया कि वह भरगांव दुग्ध सोसायटी के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 90 लीटर दूध मिल्क फेडरेशन को सप्लाई करते हैं, लेकिन उसकी करीब ढाई लाख रुपये की भुगतान राशि पिछले दो महीनों से लंबित है। भरगांव दुग्ध सोसायटी के सदस्यों ने मिल्क फेडरेशन से मांग की है कि दूध की राशि हर माह की 10 तारीख तक अनिवार्य रूप से जारी की जाए।
उधर, मिल्क फेडरेशन मंडी इकाई के प्रभारी विश्वकांत शर्मा ने बताया कि नियमानुसार सत्यापन कर हर दुग्ध उत्पादकों को भुगतान किया जा रहा है।
0000