सुंदरनगर(मंडी)। बीएसएल परियोजना में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत बुधवार को जागरूकता रैली निकाली गई। उप मुख्य अभियंता कश्मीर सिंह ठाकुर और एसई सर्किल-2 हरजोत सिंह वालिया के नेतृत्व में निकाली गई रैली में बीएसएल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के एनसीसी विद्यार्थियों, शिक्षकों और परियोजना के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लिया।
रैली के माध्यम से भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता फैलाने तथा ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने नारों और तख्तियों के जरिये लोगों को जागरूक किया। कश्मीर सिंह ठाकुर ने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण के लिए हर क्षेत्र में ईमानदारी और पारदर्शिता अपनाना जरूरी है। इस अवसर पर अभियंता दिनेश कुमार, डीके वर्मा और स्कूल प्रधानाचार्य मनजीत सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।