26 से 28 मई तक मुरारी माता मंदिर मेले के लिए राज्यपाल को दिया निमंत्रण
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर(मंडी)। मुरारी माता मंदिर समिति ने सुंदरनगर स्थित बीबीएमबी के सुकेत सदन में राज्यपाल कविंद्र गुप्ता से मुलाकात की। इस दौरान समिति ने क्षेत्रीय विकास और धार्मिक आयोजन से जुड़े मुद्दे रखे तथा स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया।
समिति की ओर से जयसिंह ठाकुर ने 26 से 28 मई तक आयोजित वार्षिक मेले में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया। साथ ही सिहली, बानगलू, घांगणु व तलेली सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर विधायक राकेश जम्वाल के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि यह मार्ग 15 पंचायतों और 75 गांवों (लगभग 30 हजार आबादी) को जोड़ता है, जहां 11 स्कूल और 15 स्वास्थ्य केंद्र हैं। सड़क की खराब हालत और 2023 की आपदा से क्षतिग्रस्त डंगों की मरम्मत न होने से लोगों को भारी परेशानी हो रही है। समिति ने सड़क के चौड़ीकरण और इसे मुख्य जिला सड़क घोषित करने की मांग की। राज्यपाल ने सभी मांगों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।