सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल ने मंगलवार को मंडी में राष्ट्रीय पोषाहार सप्ताह का शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम एक से सात सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर डॉ. धनी राम शांडिल ने कहा कि चालू वित्त वर्ष में महिला एवं बाल विकास पर कुल 371 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि समेकित बाल विकास योजना में बच्चों तथा धातृ महिलाओं को पोषाहार वितरण के कार्य का वार्ड समितियों की सहायता से अनुश्रवण करके इस बारे में ग्राम पंचायतों को नियमित तौर पर सूचना दी जा रही है। वर्तमान में महिला एवं बाल विकास विभाग में रिक्त पड़े पर्यवेक्षकों के पद जल्द ही भरने के प्रयास प्रदेश सरकार कर रही है और इसके लिए मुख्यमंत्री के समक्ष मामला रखा गया है। मंडी जिला में हाल ही में पर्यवेक्षकों के 38 पद भरे गए हैं। जिला में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत इस वर्ष 85 लाख रुपये की राशि, मदर टेरेसा योजना के तहत डेढ़ करोड़ तथा विधवा पुनर्विवाह योजना के लिए दस लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा कविताएं प्रस्तुत करने वाले बच्चों के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से 11 हजार रुपये प्रदान करने की घोषणा की। इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने बेटी है अनमोल योजना के तहत बच्चियों के जन्म पर सरकार की ओर से प्रदान की जाने वाली दस हजार रुपये संचित निधि के प्रपत्र भी पात्र कन्याओं को बांटे।
समारोह के दौरान आंगनबाड़ी नेरचौक तथा टारना की सदस्यों ने कार्यक्रम प्रस्तुत किए। वहीं आंगनबाड़ी लोअर सुहड़ा एक तथा दो की छात्र-छात्राओं ने कविता पाठ किया। पर्यवेक्षिका अनीता ने अनिमिया पर, स्वास्थ्य विभाग के जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी हरिदास चौहान ने स्वास्थ्य तथा निदर्शन अधिकारी अनिल धीमान ने पोषाहार संबंधी जानकारी दी। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी जय पाल मोहन, जिला कांग्रेस अध्यक्ष पूर्ण चंद ठाकुर, सदर मंडल कांग्रेस के प्रधान धर्मपाल ठाकुर, उपमंडल अधिकारी सदर मदन कुमार भी उपस्थित रहे।