संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी /लडभड़ोल/बलद्वाड़ा। नवरात्र पर्व के लिए शहर समेत जिले के सभी मंदिर पूरी तरह से सज गए हैं। मंदिर कमेटियों की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। लडभड़ोल के प्रसिद्ध संतान दात्री माता सिमसा मंदिर में शरद नवरात्र के लिए सज गया है। मंदिर कमेटी की ओर से मंदिर परिसर, अंदर और बाहर लाइटें लगवा दी हैं। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष विनोद कुमार ने कहा कि कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हर तरह से कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि माता सिमसा संतान दात्री के नाम से जानी जाती है और शरद नवरात्रों में यहां महिलाएं धरने में बैठेंगी। सरकाघाट क्षेत्र का प्रसिद्ध नबाही देवी मंदिर और इलाका हटली के गांव समैला के प्राचीन शैलजा देवी मंदिर भी नवरात्र के लिए सज गए हैं। पहले नवरात्र को नबाही मंदिर में खूबभीड़ उमड़ने की उम्मीद है। इधर, श्री मणिमहेश एवं शैलजा माता लंगर समिति त्रिफालघाट घुमारवीं की ओर से माता शैलजा मंदिर में भंडारे का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी कमेटी के संरक्षक रणबीर शर्मा ने दी।
नवरात्र शुरू होते ही बढ़ गए फलों के दाम, प्रतिकिलो 10 से 20 रुपये तक की बढ़ोतरी
मंडी। नवरात्र शुरू होते ही मंडी में फलाें के दामों में प्रतिकिलो 20 रुपये तक की बढ़ोतरी हो गई है। केला, अनार, अमरूद, सेब, जापानी फल के दामों में पिछले हफ्ते के मुकाबले 10 से 20 रुपये तक उछाल आया है। नवरात्र पर फलों की मांग अधिक रहती है। इसलिए दामों में बढ़ोतरी हुई है। वहीं, नवरात्र में कारोबार में उछाल आने की उम्मीद है।
कारोबार में उछाल की उम्मीद
त्योहारी सीजन शुरू होते ही दुकानदारों ने अपनी दुकानाें में नया स्टाॅक भर दिया है। छोटी काशी मंडी सहित जिले के सुंदरनगर, सरकाघाट, नेरचौक आदि बाजारों की दुकानें नए सामान से सजने लगी हैं। सबसे अधिक सामान घरों की साज सज्जा का दुकानों में आया है। वहीं, कारोबार में अभी से ही खूब रुझान है। पंसारी, मनयारी, कपड़े, जूते, इलेक्ट्रानिक्स, इलेक्टि्रकल की दुकानों में कारोबार में बढ़ोतरी दर्ज हुई है। इधर, नवरात्रों के लिए माता के मंदिरों में रौनक लौट आई है। छोटी काशी के प्राचीन माता टारना मंदिर, भीमाकाली, शीतला माता मंदिर, सिद्धकाली, चामुंडा, बज्रेश्वरी मंदिर पूरी तरह से सज गए हैं। रात के समय मंदिर रंग-बिरंगी लड़ियों से चमक रहे हैं।
बॉक्स
क्या कहते हैं कारोबारी
नवरात्र शुरू होते ही कारोबार में उछाल स्वाभाविक रूप से आएगा। अभी से ही पंसारी, कपड़े, मनयारी आदि की दुकानों में ग्राहकों की आमद बढ़ गई है।
-गोविंद राम, अध्यक्ष नेरचौक व्यापार मंडल
अभी तक बाजार में कारोबार में बढ़ोतरी नहीं हुई है, लेकिन सोमवार तक कारोबार में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
-रमेश ठाकुर, प्रधान व्यापार मंडल बलद्वाड़ा