तीन आरोपियों को एक वर्ष पूर्व दबोच चुकी है पुलिस
कार सहित किया था अपहरण, पत्नी से मांगी थी 50 हजार की फिरौती
मुख्य आरोपी को डोडा जिला के दुर्गम क्षेत्र से दबोचने में पाई सफलता
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर में एक युवक का अपहरण कर उसे बंधक बनाकर फिरौती मांगने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। करीब एक साल से फरार चल रहे मुख्य आरोपी को स्थानीय पुलिस ने जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले से गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले में अपहरण, फिरौती और मारपीट के आरोप पहले ही दर्ज किए जा चुके थे, जिसमें तीन अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अब नामजद मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी से केस में अहम प्रगति हुई है।
यह घटना अप्रैल 2025 में दर्ज हुई थी। पीड़ित सूरज, जो मंडी जिला के जोगिंद्रनगर क्षेत्र के रोपा पधर पंचायत से सटे गलू गांव का निवासी है, का जोगिंद्रनगर से कार सहित अपहरण किया गया था। आरोपियों ने उसे बंधक बनाकर मारपीट की और उसकी पत्नी से लगभग 50 हजार रुपये की फिरौती मांगी। इस मामले में कांगड़ा जिले के बैजनाथ क्षेत्र के दो आरोपी और जोगिंद्रनगर के बदेहड़ गांव का एक आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस के अनुसार, वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी करीब एक साल तक फरार रहा और जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के दुर्गम क्षेत्र में छिपा हुआ था।
मुख्य आरोपी की पहचान 31 वर्षीय विजय निवासी जिमजिमा, जोगिंद्रनगर के रूप में हुई है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापे मार रही थी। आरोप है कि चार युवकों ने पीड़ित को जबरन कार में बैठाकर बिलिंग क्षेत्र की एक कैंपिंग साइट पर ले जाकर बंधक बनाया और उसके साथ मारपीट की। बाद में परिजनों से 50 हजार रुपये की मांग की गई। आरोपियों के डर से परिजनों ने 20 हजार रुपये दे दिए। इसके बाद पीड़ित किसी तरह आरोपियों के चंगुल से बचकर घर पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने यह भी पुष्टि की है कि गिरोह में शामिल एक आरोपी की मृत्यु हो चुकी है। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार के अनुसार आरोपी का स्थानीय अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवाने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया है। मामले की जांच जारी है।