बलद्वाड़ा (मंडी)। बलद्वाड़ा क्षेत्र की राजकीय उच्च पाठशाला मटियारा के बाल बैडमिंटन मैदान में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय सब जूनियर प्रतियोगिता रविवार को संपन्न हो गई। समापन समारोह की अध्यक्षता प्रदेश बाल बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष बीएल गोयल ने की। प्रतियोगिता में प्रदेश के आठ जिलों से 120 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
छात्रा वर्ग के फाइनल में मंडी ने हमीरपुर को हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं, छात्र वर्ग में मंडी ने कड़े मुकाबले में बिलासपुर को पराजित कर खिताब जीता। बाल बैडमिंटन संघ के कोषाध्यक्ष आरके भारद्वाज ने कहा कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने खेल भावना और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर संघ महासचिव केसी ठाकुर, सुनील कुमार, वेद प्रकाश शर्मा, नवीन कुमार, नरेंद्र ठाकुर, संतोष कुमार, महेंद्र सिंह, मदन सिंह, सुरेश कुमार और जोगिंद्र सिंह सहित अन्य पदाधिकारी व खेल प्रेमी मौजूद रहे।