सार
मंडी जिले के सुंदरनगर क्षेत्र के तीन युवक नौकरी की तलाश में रूस पहुंचे, लेकिन कथित धोखाधड़ी के कारण वहां मुश्किल में फंस गए। आरोप है कि वर्क वीजा दिलाने के नाम पर तीनों से कुल 10.50 लाख रुपये लिए गए और उन्हें विजिटर वीजा पर भेज दिया गया।
वर्क वीजा के नाम पर ठगी, रूस में फंसे हिमाचल के 3 युवक
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विदेश में नौकरी और मोटी कमाई का सपना लेकर रूस गए मंडी जिले के तीन युवाओं के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि सुंदरनगर की जड़ोल पंचायत के त्रिहंवी गांव निवासी हुस्न लाल व मान सिंह और सलवाना के बह गांव निवासी कमल को वर्क वीजा के बजाय विजिटर वीजा पर रूस भेज दिया गया।
इसके एवज में प्रति युवक से करीब साढ़े तीन-तीन लाख रुपये की मोटी रकम वसूली गई थी। पीड़ित हुस्न लाल के पिता रमेश कुमार ने बताया कि युवाओं को शुरुआती तीन महीने काम मिला लेकिन उसके बाद उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया।
विदेश में अचानक काम छूटने से युवाओं के सामने रहने और खाने-पीने का गंभीर संकट पैदा हो गया। जब परिजनों को इस ठगी और स्थिति का पता चला तो उन्होंने स्थानीय बिचौलिये पर दबाव बनाया। कड़ी मशक्कत के बाद बिचौलिये ने तीनों की वापसी के लिए हवाई टिकट का प्रबंध किया है। सब ठीक रहा तो दो दिन में तीनों युवाओं की स्वदेश वापसी प्रस्तावित है। पूर्व वार्ड सदस्य रवि ठाकुर ने बताया कि इस घटना से तीनों परिवार बेहद चिंतित हैं।
पिता रमेश कुमार के अनुसार बेटे के घर लौटने और आपबीती सुनने के बाद ही पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई जाएगी। सुंदरनगर के डीएसपी भारत भूषण ने कहा कि पीड़ित पक्ष की ओर से शिकायत मिलने पर नियमानुसार निष्पक्ष जांच कर कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।