सुंदरनगर (मंडी)। व्यापार मंडल सुंदरनगर की कार्यकारिणी की बैठक रविवार को प्रधान प्रवीण अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई। इसमें व्यापारी वर्ग को पेश आ रही समस्याओं पर मंथन किया। कुछ वस्तुओं पर जीएसटी लगाने और सिंगल यूज प्लास्टिक पर लगे प्रतिबंध के कारण व्यापारियों को पेश आ रही समस्याओं पर चर्चा की।
सरकार से आग्रह किया कि वह इस मामले में कोई सुविधाजनक नीति बना कर राहत प्रदान करे। प्रधान प्रवीण अग्रवाल ने व्यापार मंडल के त्रैमासिक सदस्यता शुल्क को एकत्रित करने के लिए वार्ड स्तर पर कार्य को गति देने का आह्वान किया।
सदस्यों ने कहा कि नगर परिषद सुंदरनगर ने चांगर वार्ड में एक स्लाटर हाउस का निर्माण किया है। मीट विक्रेता वहां कार्य न कर बाजार में अपनी दुकानों में पशुओं का वध कर रहे हैं। नगर परिषद से मांग की कि वह सभी मीट विक्रेताओं को स्लाटर हाउस क्षेत्र में दुकानें उपलब्ध करा कर वहां पर ही मीट का कारोबार करना सुनिश्चित करे अन्यथा व्यापार मंडल को संघर्ष के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
बैठक में महासचिव नवीन महाजन, अदीप सोनी, विजय शर्मा, घनश्याम महाजन, संजय शर्मा, अनिल सूद, रमेश सैनी व अश्वनी सैनी सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे। संवाद