मंडी। दिन : वीरवार। समय : 11:30 बजे। पंडित सुखराम की शवयात्रा कुछ ही देर में सेरी मंच पर पहुंचने वाली है। लोग सेरी मंच पर पहले से ही इकट्ठे हो गए हैं। गलियां, बाजार सब सूने हैं। भूतनाथ, महाजन बाजार, मोती बाजार में इक्का दुक्का वाहन ही चल रहे हैं।
सेरी मंच की तरफ लोग बढ़ रहे हैं। देखो देखो कौन आया संचार क्रांति का मसीहा आया, जब तक सूरज चांद रहेगा पंडित सुखराम का नाम रहेगा, पंडित सुखराम अमर रहे... के नारों से पंडित सुखराम की पार्थिव देह खुली गाड़ी में सेरी मंच पर पहुंची।
पंडित सुखराम को अंतिम विदाई देने और उनके दर्शनों के लिए सेरी मंच पर कतारें लगीं। लोग नम आंखों से उनके अंतिम दर्शन कर रहे हैं और उनको श्रद्धांजलि दे रहे हैं। सेरी मंच पर ही कई लोग एक-दूसरे को ढांढस बंधा रहे हैं। कुछ पुरानी यादों में खोए हुए हैं।
कांग्रेस और भाजपा नेता भी सेरी मंच पहुंचे। 1:05 बजे उनकी अर्थी को हनुमानघाट की तरफ ले जाया गया। चौहटा बाजार में कारोबारी और लोग दुकानों के सामने शीश झुकाए खड़े रहे। अर्थी को उठाए हुए परिजन चौहटा होते हुए भूतनाथ बाजार से हनुमानघाट गए।
...
मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री ने बंधाया ढांढस
सेरी मंच पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने करीब पांच मिनट तक अनिल शर्मा, आश्रय शर्मा और परिजनों से बातचीत की और उन्हें सांत्वना दी गई। अनिल शर्मा ने पूरा वृतांत मुख्यमंत्री को सुनाया। पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल के साथ भी अनिल शर्मा ने पंडित सुखराम को ब्रेन स्टोक और दिल का दौरा पड़ने के बारे में बताया। पूर्व मुख्यमंत्री ने उनको सांत्वना दी और कहा कि वह हमेशा अमर रहेंगे।
...
बाबा भूतनाथ के पास एक मिनट तक रुकी शवयात्रा
पंडित सुखराम की शवयात्रा जब हनुमानघाट की ओर जा रही थी तो बाबा भूतनाथ मंदिर के पास करीब एक मिनट तक यह यात्रा रुकी रही। इस दौरान बाबा भूतनाथ मंदिर के पास खूब भीड़ जमा हो गई। एक मिनट के बाद शवयात्रा वहां से रवाना हुई।
...
एक साथ दिखे तीनों धर्मों के लोग
पंडित सुखराम के अंतिम संस्कार और उनके अंतिम दर्शनों के लिए तीनों धर्मों के लोगों को देखा गया। सेरी मंच पर उनके अंतिम दर्शनों के लिए जहां हिंदू मौजूद थे, वहीं सिख और मुसलमान समुदाय के लोगों ने एक साथ एकत्रित होकर लोकप्रिय नेता को श्रद्धांजलि दी। बता दें कि मंडी शहर में सभी धर्मों के लोग रहते हैं और पंडित सुखराम सभी को प्रिय थे। इस दौरान कांग्रेस और भाजपा के नेता भी साथ-साथ दिखे।
000