मंडी। जिला मंडी के सभी न्यायालयों में 27 नवंबर को राष्ट्रीय लोक अदालतों का आयोजन किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंडी के सचिव सूर्य प्रकाश ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लोक अदालतों में विभिन्न मामलों का निपटारा समझौतों के आधार पर किया जाएगा।
लोक अदालत में ऑनलाइन लोक अदालत का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें एमवी एक्ट, चालान आदि मामलों का निपटारा किया जाएगा। बताया कि लोक अदालत में सड़क दुर्घटना में क्लेम, श्रम विवाद के मामले, बिजली और पानी के बिल, वैवाहिक विवाद, भूमि अधिग्रहण, वेतन भत्तों और सेवानिवृत्ति, वाहन दुर्घटना दावों, बीमा संबंधी मामले, दीवानी मामले, आपराधिक कंपाउंडिग तथा मोटर वाहन चालान से संबंधित मामलों का निपटारा किया जाएगा।
बताया कि प्री-लीटिगेशन मामलों का निपटारा भी लोक अदालत के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यदि कोई भी इच्छुक व्यक्ति अपने मामलों का निपटारा करवाना चाहता है, वह 20 नवंबर से पहले जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय मंडी में सादे कागज पर आवेदन कर सकता है। अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय मंडी से भी संपर्क किया जा सकता है। संवाद