मंडी। नेशनल हाईवे चंडीगढ़-मनाली में पंडोह में थर्ड आईआरबीएन मुख्यालय के गेट के पास मंगलवार को एक कार ट्रक से जा टकराई। कार के बुरी तरह से परखचे उड़ गए। कार में फंसा चालक करीब एक घंटे तक जिंदगी और मौत से जूझता रहा।
एनडीआरएफ के जवानों की मदद से चालक को कार के बीच से निकाला। उसे जोनल अस्पताल लाया गया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस के अनुसार नैनो कार कुल्लू से सुंदरनगर की तरफ जा रही थी कि पंडोह के पास अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराई।
टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार के परखचे उड़ गए। एनडीआरएफ के जवानों ने अपने टूल के प्रयोग से घायल को गाड़ी से बाहर निकाला और एंबुलेंस में जोनल अस्पताल पहुंचाया। यहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घायल की पहचान सुरेश सेन पुत्र ललित सेन गांव लालबाग सुंदरनगर के रूप में हुई है। एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद