सुंदरनगर (मंडी)। चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर स्थित रोपड़ी गांव में शातिरों ने जूतों के कारोबारी के स्टोर से करीब 50,000 के ब्रांडेड जूतों पर हाथ साफ कर दिया है। कारोबारी ने मामले को लेकर थाना सुंदरनगर में प्राथमिकी दर्ज करवाई है।
जानकारी के अनुसार भोजपुर बाजार में जूतों का कारोबार करने वाले रोपड़ी निवासी लालमन ठाकुर के घर के साथ लगते स्टोर से शनिवार रात को शातिरों ने जूते चुरा लिए। सुबह जब लालमन स्टोर में सामान लेने गया तो ताला टूटा हुआ पाया।
भीतर जाने पर ब्रांडेड जूते गायब पाए गए। इनकी कीमत लगभग करीब 50,000 रुपये आंकी गई है। इससे पहले भी करीब दो महीने पहले स्टोर से दो लाख के जूते और कार के टायर चोरी हुए थे। शनिवार रात एक बार फिर से चोरों ने सेंध लगा कर कारोबारी को एक और आर्थिक चोट पहुंचाई है।
संयुक्त व्यापार संगठन के प्रदेश संगठन मंत्री सुरेश कौशल ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चोरी में शामिल शातिरों को जल्द से जल्द हिरासत में लिया जाए। डीएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। संवाद