जिले के 220 विद्यालयों की ऑनबोर्डिंग पूरी
14848 में से 9 हजार शिक्षकों ने एप की डाउनलोड
दिव्यांग बच्चों की पहचान के लिए चलाया जा रहा अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। स्कूल ऑनबोर्डिंग अभियान में मंडी जिला प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल हो गया है। जिले में अब तक 220 विद्यालयों की ऑनबोर्डिंग पूरी हो चुकी है। 14848 में से 9 हजार शिक्षकों ने एप डाउनलोड कर दी है। अब शिक्षा विभाग ने शेष विद्यालयों को अभियान से जोड़कर शत-प्रतिशत ऑनबोर्डिंग का लक्ष्य हासिल करने के लिए कवायद तेज कर दी है।
स्कूलों में पढ़ रहे शारीरिक रूप से दिव्यांग बच्चों की पहचान और उन्हें सरकारी सुविधाओं से जोड़ने के लिए स्कूल ऑनबोर्डिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सभी शिक्षकों को निर्धारित एप डाउनलोड करना अनिवार्य किया गया है। शिक्षक इसी एप के माध्यम से स्कूल में अध्ययनरत बच्चों की स्क्रीनिंग करेंगे और संभावित दिव्यांग बच्चों की पहचान करेंगे।
स्क्रीनिंग के दौरान सामने आने वाले बच्चों को दिव्यांगता प्रमाणपत्र बनवाने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी जाएगी। शिक्षकों को बच्चों और उनके अभिभावकों का मार्गदर्शन करने की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि प्रमाणपत्र बनवाने में किसी तरह की परेशानी न हो। इसके बाद बच्चों की आवश्यक मेडिकल जांच और अन्य औपचारिकताएं पूरी करवाई जाएंगी। चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र बच्चों का दिव्यांगता प्रमाणपत्र बनाया जाएगा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान मंडी में कार्यरत समावेशी शिक्षा समन्वयक सुशील गुप्ता ने बताया कि विभिन्न टीमें स्कूलों में इस अभियान की निगरानी कर रही हैं।
जिला क्वालिटी एंड कंट्रोल एवं जिला प्रोजेक्ट ऑफिसर मीना राठौर ने बताया कि यह उपलब्धि अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यालय प्रमुखों और शिक्षकों की निरंतर मेहनत और बेहतर तालमेल का परिणाम है। उधर, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान मंडी के प्रधानाचार्य राजेश शर्मा ने कहा कि जिले का अग्रणी स्थान हासिल करना सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। मंडी और हमीरपुर की टीमें जिस तरह लगातार काम कर रही हैं, उससे अभियान को गति मिली है।