आपदा के बाद से बंद थी सेवा, चार पंचायतों के लोगों को मिली बड़ी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
थुनाग (मंडी)। आपदा के बाद से बंद पड़ी मंडी-गाड़ागुशैण बस सेवा आखिरकार करीब आठ महीने बाद फिर से बहाल कर दी गई है। बस सेवा शुरू होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को राहत मिली है, जो लंबे समय से परिवहन सुविधा बहाल होने का इंतजार कर रहे थे।
बस सेवा बहाल होने से गाड़ागुशैण क्षेत्र की थाचाधार, घाट, खौली और जुफरकोट पंचायतों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इन पंचायतों के ग्रामीणों को मंडी आने-जाने, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा तथा अन्य जरूरी कामों के लिए अब फिर से नियमित परिवहन सुविधा मिल सकेगी। स्थानीय लोगों में देवेंद्र, सतीश, सुरेंद्र का कहना है कि आपदा के बाद से बस सेवा बंद होने के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ रहा था, जिससे आर्थिक बोझ भी बढ़ गया था।
उधर, हिमाचल पथ परिवहन निगम मंडी क्षेत्रीय प्रबंधक पीयुष शर्मा ने बताया कि बस सेवा शुरू कर दी है। गाड़ागुशैण से आगे घाट के लिए दो तीन दिन पहले बस सेवा के लिए ट्रायल करवाया गया था, लेकिन सड़क की स्थिति सही न होने के कारण फिलहाल गाड़ागुशैण तक बस सेवा शुरू की गई है। सड़क की स्थिति सुधरने के बाद घाट तक बस सेवा सुचारू चलाई जाएगी।