लांगणा/बालीचौकी (मंडी)। नेरी गैंगहट में ठहरे एक व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक सुंदनगर क्षेत्र का बग्गी निवासी कमल शर्मा बुधवार रात वन विभाग के नेरी गैंगहट में ठहरा था। रात को कमल शर्मा ने जहर खा लिया। जब सुबह गैंगहट के चौकीदार ने कमरे का दरवाजा खटखटाया तो कमल ने दरवाजा नहीं खोला।
इस पर चौकीदार ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने पंचायत प्रधान की उपस्थिति में मौके पर पहुंच कर कमरे का दरवाजा तोड़ा। पुलिस ने कमरे से शराब की बोतल और जहर की गोलियां भी बरामद की हैं। जिससे स्पष्ट हो गया है कि व्यक्ति ने जहर खा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में परिजनों को सूचित कर दिया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। उधर, सराज घाटी के दूरदराज ग्राम पंचायत खणी में खाई में गिरने से महिला की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार शांता देवी (40) पत्नी भादरू निवासी मनोहर धार सुबह 10 बजे के करीब घासनी में घास काटने गई थी। अचानक पैर फिसलने से वह 300 मीटर नीचे खाई में गिर गई। जिससे मौके पर ही शांता की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और तहसील प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। नायब तहसीलदार बालीचौकी ने फौरी राहत के रूप में दस हजार रुपये की राशि मृतका के परिजनों को दी है। जिला परिषद सदस्य दिले राम ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की है।