मंडी। शहर के रानी बाईं क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के दौरान एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वीरवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। घायल युवक का उपचार एम्स बिलासपुर में जारी है।
बीते बुधवार दोपहर करीब 2 बजे पुलिस थाना सदर मंडी के अंतर्गत रानी बाईं क्षेत्र स्थित एक गैराज के पास दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो बाद में हाथापाई में बदल गई। शिकायतकर्ता जितेंद्र कुमार निवासी मंडी के बयान पर दर्ज प्राथमिकी के अनुसार प्रेम कुमार अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे थे, जहां राजकुमार और काकू के साथ पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ। राजकुमार ने तेजधार हथियार (चाकू) से प्रेम कुमार की छाती के पास वार कर दिया, जिससे प्रेम कुमार निवासी गांव खडकल्याणा डाकहर बरयारा तहसील कोटली गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रारंभिक स्तर पर घायल के मित्र के बयान के आधार पर काकू पर हमला करने का आरोप लगाया गया था, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और गहन जांच के बाद पुलिस ने पाया कि चाकू से हमला राजकुमार ने किया था। वीरवार तड़के ही पुलिस ने सभी तथ्य साफ होने पर आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार किया। दूसरी ओर राजकुमार निवासी कांगड़ा की शिकायत पर भी प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसमें आरोप लगाया गया कि प्रेम कुमार अपने साथियों के साथ उसकी दुकान में पहुंचे और वहां बहसबाजी, गाली-गलौज और मारपीट की। दोनों पक्षों की शिकायतों पर पुलिस ने क्रॉस प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह पूरा विवाद प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। उधर, पुलिस अधीक्षक मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि मामले में नियमानुसार जांच पड़ताल जारी है।