कुन्नू पुल के पास दलदल से गुजरते वाहन। संवाद
पधर (मंडी)। फोरलेन निर्माण के चलते नारला से मंडी के बीच सफर करना यात्रियों के लिए चुनौती बनता जा रहा है। सामान्यतः एक घंटे में पूरा होने वाला यह सफर अब दो घंटे तक खिंच रहा है। मार्ग पर जगह-जगह दलदल और जाम की समस्या बनी हुई है। खराब हालत को लेकर लोगों में प्रशासन और निर्माण कंपनी के प्रति रोष बढ़ता जा रहा है।
कई स्थानों पर सड़क दलदल में बदल गई है, लेकिन दुरुस्त करने के लिए निर्माण कंपनी की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। इससे सबसे अधिक परेशानी वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है। दोपहिया चालक रोजाना फिसलन का शिकार हो रहे हैं। चारपहिया वाहन दलदल में फंस रहे हैं। लोगों का आरोप है कि पुराने हाईवे की नालियों और कल्वर्ट को कटिंग के दौरान बंद कर दिया गया है, जिससे पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं रही।
कुफरी पंचायत के उपप्रधान ओम प्रकाश ठाकुर ने लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए एसडीएम सुरजीत सिंह ठाकुर से प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। स्थानीय निवासी लोकेश ठाकुर ने कहा कि जाम की समस्या को लेकर प्रशासन से बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। जाम की स्थिति में कंपनी की ओर से वाहन चालकों को कोई सहायता नहीं मिलती और लोगों को स्वयं फंसे वाहनों को निकालना पड़ रहा है।
उधर, एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि हाईवे पर लोगों की सुविधा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। कहा कि सड़क में धंस रहे वाहनों को बाहर निकालने और जाम खुलवाने के लिए पुलिस निर्माण कंपनी के सहयोग से काम कर रही है।
000