सरकाघाट उपमंडल के माता नबाही देवी मंदिर में पेंशनरों के स्थापना दिवस में भाग लेते पेंशनर। संवाद
सरकाघाट (मंडी)। पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन सरकाघाट इकाई द्वारा बुधवार को नबाही माता मंदिर में स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। एसोसिएशन अध्यक्ष एनसी शर्मा और महासचिव तारा चंद ने पेंशनरों के विभिन्न मुद्दों और मांगों पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान 80 वर्ष और उससे अधिक आयु के पेंशनरों, सक्रिय पदाधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। पेंशनरों ने अपनी कई महत्वपूर्ण मांगें उठाईं। पेंशनरों ने कहा कि 2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को संशोधित वेतनमान का एरियर, ग्रेच्युटी, लीव इनकैशमेंट की एकमुश्त किश्त जारी की जाए। साथ ही चिकित्सा बिलों के भुगतान के लिए बजट प्रावधान किया जाए।
पेंशनरों ने यह भी रोष जताया कि हजारों पेंशनरों के पेंशन निर्धारण के मामले शिमला में अटके पड़े हैं, जिन्हें महालेखाकार कार्यालय से अनुमोदित किया जाए। बिजली बोर्ड और परिवहन निगम के पेंशनरों ने भी अपनी पेंशन को ओपीएस के अनुसार निर्धारित करने की मांग की।
एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष हरीश शर्मा ने राज्य स्तर की बैठक में किए गए निर्णयों के अनुसार सरकार से मांग की कि शीघ्र जेसीसी का गठन कर लंबित सभी मांगों का निपटारा किया जाए, अन्यथा सरकार को इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
बैठक में गोपालपुर खंड के अध्यक्ष एनसी शर्मा, कोषाध्यक्ष जगदीश, प्रताप ठाकुर, लेखराम, रूपलाल, शेर सिंह, चेत सिंह सहित 200 पेंशनरों ने भाग लिया।