कांगो में सेवा के लिए मिल चुका है मिलिट्री जेंडर एडवोकेट अवॉर्ड
युवा दिवस पर विशेष...
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर की मेजर राधिका सेन ने भारतीय सेना में सेवा के दौरान अपनी कार्यकुशलता और संवेदनशील नेतृत्व की मिसाल कायम की। संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन में उनके योगदान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली। वर्ष 2024 में उन्हें मिलिट्री जेंडर एडवोकेट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
राधिका सेन ने लोकतांत्रिक गणराज्य कांगो के पूर्वी क्षेत्र में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के तहत जिम्मेदारी निभाई। वहां उन्होंने स्थानीय समुदायों के साथ लगातार संवाद कर सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर काम किया। महिलाओं और लड़कियों की भागीदारी बढ़ाने और लैंगिक समानता को प्रोत्साहित करने की उनकी पहल को विशेष रूप से सराहा गया। उनकी भूमिका का अहम पक्ष समुदायों में शिक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाना भी रहा। सैन्य अधिकारी के रूप में उन्होंने लोगों से सीधे संवाद कर उनकी चिंताओं को समझने और उनके बीच भरोसा कायम करने पर जोर दिया। संवेदनशीलता और जिम्मेदारी से किया गया उनका नेतृत्व ही उनकी सेवा को विशिष्ट पहचान देता है। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बनाई जा सकती है।