मंडी। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंडी में स्कूल स्तर की खंड स्तरीय खेलकूद स्पर्धाओं में रोचक मुकाबले देखने को मिले। कबड्डी के फाइनल मैच में पंडोह जोन की तिकड़ी के आगे मझवाड़ जोन के खिलाड़ियों ने घुटने टेक दिए। इसमें पंडोह जोन ने मझवाड़ को 28-13 से हरा दिया। इसमें यश, दक्ष और विकास की तिकड़ी ने 28 में से 23 अंक जुटाए।
अंडर-12 की खेलकूद प्रतियोगिता में रविवार को फाइनल मुकाबले खेले गए। खो-खो में मझवाड़ ने पुरानी मंडी और वाॅलीबाल में कटिंडी ने पंडोह जोन को हराकर खिताब जीता। छात्राओं के कबड्डी में पंडोह जोन ने पड्डल जोन, खो-खो में मझवाड़ ने पंडोह और वाॅलीबाल में पंडोह ने मझवाड़ जोन को शिकस्त देकर विजेता का खिताब हासिल किया।
लड़कों की 50 मीटर दौड़ में पंडोह के विकास पहले, न्यू कॉलोनी के शिवांश दूसरे और कटिंडी के मृदु तीसरे स्थान पर रहे। 100 मीटर में पंडोह के विकास पहले, पुरानी मंडी के सोनू दूसरे, पड्डल जोन के भवेश तीसरे स्थान पर रहे। लड़कियों की 50 मीटर दौड़ में न्यू कॉलोनी की महक पहले, पुरानी मंडी की यामिनी दूसरे और पुरानी मंडी की ही सुप्रिया तीसरे स्थान पर रहीं। 100 मीटर दौड़ में पुरानी मंडी की रिया पहले, जानवी दूसरे और पंडोह की रिजुल तीसरे स्थान पर रहीं। भाषण में पुरानी मंडी पहले, पंडोह दूसरे और पड्डल तीसरे स्थान पर रहा। क्विज में कटिंडी पहले, न्यू कॉलोनी दूसरे और पड्डल तीसरे स्थान पर रहा। अनुशासन में न्यू कॉलोनी पहले और ऑलराउंडर का खिताब पंडोह को दिया गया। समापन समारोह में सेवानिवृत्त प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी उशम शर्मा ने शिरकत की और सभी विजेता व उपविजेता टीमों को सम्मानित किया।
लाडलों का खेल देखने पहुंची माताएं
अपने लाडलों के खेल को निहारने के लिए उनकी माताएं भी दूर-दूर से मंडी पहुंची थीं। जैसे ही उनकी टीम खेलने आती तो माताएं उनके हौसले के लिए तालियां बजातीं। उधर मझवाड़ और पड्डल जोन के बीच सेमीफाइनल मुकाबला खत्म होने के बाद स्कोर को लेकर शिक्षकों में हंगामा हो गया। स्कोर बोर्ड पर बैठी एक अध्यापिका से अन्य पुरुष शिक्षक ने जानकारी लेनी चाही लेकिन मना किया तो 5 मिनट के लिए खूब हंगामा हुआ। बाद में सब शांत हो गया।
000