जोगिंद्रनगर (मंडी)। अखिल भारतीय संत समिति के अध्यक्ष श्री श्री 1008 महंत राम मोहन दास रामायणी ने कहा कि जब से उन्होंने हिंदू समाज को जागृत करने का जिम्मा उठाया है, तबसे उन्हें इसका अंजाम भुगतने की धमकी दी जा रही है। बीते दिनों मंडी-पठानकोट एनएच पर लदरूहीं के समीप भी उन्हें कुछ लोगों से गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई। इसके बाद उन्होंने हिमाचल प्रदेश पुलिस के उच्चाधिकारियों को मेल भेज कर सुरक्षा मांगी है।
शुक्रवार को प्रेसवार्ता में महंत रामायणी ने कहा कि अपने धर्म की रक्षा के लिए चलाए गए अभियान के दौरान अगर उन्हें कुछ हुआ तो इसके लिए प्रदेश और देश के गृह मंत्री जिम्मेवार होंगे। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज को जागृत करने के लिए उन्होंने अपना पूरा जीवन समर्पित किया है। सनातन धर्म की रक्षा के लिए संतों ने पहले भी अपनी जान की परवाह किए अपने दायित्वों को निभाया है।
उन्होंने यह साफ करने को कहा कि अराजक तत्व कौन हैं। यह किसे कहा जा रहा है। क्योंकि उन्होंने धर्म का बीड़ा उठाया हुआ है और भविष्य में भी धर्म की रक्षा के लिए काम करते रहेंगे। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि उनकी जान को खतरा है और उन्हें सुरक्षा मुहैया करवाई जाए।