जोगिंद्रनगर (मंडी)। नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर में दो ओपीडी में ताले लटक गए हैं। इससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दो विशेषज्ञ चिकित्सकों के अवकाश पर चले जाने से मरीजों का मर्ज बढ़ गया है। अस्पताल में स्वीकृत 19 चिकित्सकों के पदों में से करीब दस पद रिक्त हैं। 24 जनवरी तक गायनी विशेषज्ञ छुट्टी पर रहेंगी। ऐसे में महिलाओं को उपमंडलीय अस्पताल में उपचार की सुविधा का लाभ नहीं मिल पाएगा। वहीं हड्डी रोग विशेषज्ञ भी 18 जनवरी तक अवकाश पर चले गए हैं।
ऐसे में घटना और दुर्घटना के घायलों को इलाज के लिए मंडी या कांगड़ा के बड़े अस्पतालों की दौड़ लगानी पड़ेगी। सोमवार को अस्पताल की ओपीडी में ताला लटका देख मरीज निराश होकर लौट गए। अस्पताल के एसएमओ डॉ. रोशन लाल कौंडल ने कहा कि चिकित्सकों के अवकाश पर चले जाने के बावजूद सोमवार को उपमंडलीय अस्पताल में उपचार दिलाने के लिए मौजूद चिकित्सकों ने अपनी सेवाओं का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा से किया। संवाद