पंचायत भनवास के तहत रात के समय सड़क पर घूमते हुए दिखाई दे रहा तेंदुआ। स्रोत जागरूक पाठक
भनवास और बसूट पंचायत वासियों ने वन विभाग से पकड़ने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
थाची (मंडी)। थाची की ग्राम पंचायत भनवास और ग्राम पंचायत बसूट में लगातार दो दिनों तक तेंदुआ दिखाई देने से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।
ग्राम गोथला निवासी चालक डावे राम और भूप सिंह मंगलवार शाम करीब 6 बजे अपनी गाड़ी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान भाटलूधार हेलीपैड के समीप सड़क के मोड़ पर उन्हें तेंदुआ दिखाई दिया। इसके अगले दिन देर रात करीब 11 बजे गांव बसूट में एक घर के आंगन में भी तेंदुआ दिखाई दिया। बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शाम ढलते ही घरों से बाहर निकलने में डर महसूस कर रहे हैं। वहीं, वाहन चालक और बाइक सवार भी रात के समय आवाजाही के दौरान भयभीत हैं। ग्राम पंचायत भनवास के प्रधान गंगा राम ठाकुर ने वन विभाग से तेंदुए को शीघ्र पकड़ने की मांग की। वन रक्षक नरेश कुमार ने बताया कि वन विभाग को तेंदुआ दिखाई देने की सूचना मिली है। टीम क्षेत्र में निगरानी कर रही है। तेंदुआ दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचित करें।