संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (मंडी)। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत शुक्रवार को संधोल में प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें करीब 110 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसका उद्देश्य बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को मजबूत करना था। कार्यक्रम में पुलिस थाना संधोल के उप निरीक्षक संजीव जम्वाल मुख्य अतिथि रहे, जबकि सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी अर्चना, वंदना एवं अंजना विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। बाल विकास परियोजना अधिकारी धर्मपुर के पर्यवेक्षक पूरण चंद ने अभियान की जानकारी देते हुए बालिकाओं के अधिकार, शिक्षा और सुरक्षा में सामूहिक भागीदारी का आह्वान किया। शिविर में विशेषज्ञों ने लैंगिक समानता, जेंडर संवेदनशीलता, बालिका स्वास्थ्य व पोषण, बाल संरक्षण, प्रारंभिक शिक्षा, सामुदायिक जागरूकता और व्यवहार परिवर्तन जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया। साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, किशोरियों में एनीमिया की रोकथाम, संतुलित पोषण, टीकाकरण और स्वास्थ्य सेवाओं के महत्व पर भी जानकारी दी गई।