बतैल में तेंदुए की दस्तक। स्रोत जागरूक पाठक
बलद्वाड़ा (मंडी)। भांबला के बतैल क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में डर का माहौल है। शुक्रवार रात करीब 12 बजे तेंदुआ स्थानीय निवासी कमल कुमार के घर के पास घूमता हुआ दिखाई दिया, जिसकी पूरी गतिविधि पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सीसीटीवी में तेंदुए की हलचल देखने के बाद क्षेत्र के लोगों की चिंता बढ़ गई है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि तेंदुए को पकड़ने के लिए जल्द सुरक्षा प्रबंध किए जाएं। वन विभाग बलद्वाड़ा के रेंजर अभिनव ठाकुर ने बताया कि उन्हें मीडिया के माध्यम से क्षेत्र में तेंदुआ दिखाई देने की सूचना मिली है। विभागीय कर्मचारियों को तुरंत मौके पर भेजकर स्थिति की जांच करवाई जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्कता बरतने का आग्रह करते हुए सलाह दी है कि रात के समय अकेले घर से बाहर न निकलें।