राजकीय महाविद्यालय जोगिंद्रनगर में बस पास काउंटर है, मगर नहीं मिल रही सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय में नए सत्र की पढ़ाई के बीच विद्यार्थियों को बस पास बनाने के लिए फिर बस अड्डे की दौड़ लगानी पड़ रही है। इसके लिए उन्हें कई चक्कर काटने पड़ रहे हैं और लंबी जद्दोजहद के बाद पास बन रहा है। यहां पर करीब 1500 विद्यार्थियों के बस पास हिमाचल पथ परिवहन निगम के माध्यम से बनने हैं।
बस पास बनाने के लिए हर रोज उमड़ रही विद्यार्थियों की भीड़ के कारण इसके लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। हालांकि महाविद्यालय में बस पास काउंटर की सुविधा उपलब्ध करवाई जा चुकी है, लेकिन वहां पर सुविधा नहीं मिल रही है। मजबूरन विद्यार्थियों को बस अड्डे में ही पास बनाने के लिए चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
सोमवार को बस अड्डे में बस पास बनाने के लिए कतारों में मौजूद विद्यार्थियों की भीड़ को देखते हुए अभिभावकों और लोगों में भी रोष देखा गया। उधर, स्टाफ की कमी का हवाला देते हुए बस अड्डे में बस पास जल्द उपलब्ध करवाने का दावा परिवहन निगम के कर्मी कर रहे हैं। बस अड्डा के प्रभारी रमेश कुमार का कहना है कि पांच सौ से अधिक विद्यार्थियों के बस पास बनाए जा चुके हैं और शेष विद्यार्थियों के बस पास भी जल्द बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस बारे में राजकीय कॉलेज जोगिंद्रनगर की प्राचार्य डॉ. सुनीता सिंह ने कहा कि महाविद्यालय में बस पास काउंटर की सुविधा उपलब्ध है। परिवहन निगम के कर्मचारियों से बच्चों की सुविधा के लिए यहां पर पास बनाने को कहा जाएगा।