थुनाग कोर्ट में धरने पर बैठे वकील स्त्रोत स्वयं
थुनाग (मंडी)। थुनाग सिविल कोर्ट का दर्जा कम करने के विरोध में शुक्रवार को वकीलों ने कोर्ट परिसर में धरना प्रदर्शन किया। इसमें स्थानीय लोगों के साथ थुनाग व्यापार मंडल के सदस्यों ने भी उनका समर्थन किया। बार एसोसिएशन के प्रधान हेम सिंह ठाकुर ने कहा कि थुनाग में कोर्ट का दर्जा घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। पिछले तीन दिनाें से इस निर्णय के विरोध में वकीलों ने कामकाज बंद कर दिया है।
कोर्ट में कोई भी कामकाज नहीं होने से लोगों को बिना काम के घर लौटना पड़ रहा है। इसमें लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कोर्ट की नियमित कार्यवाही न होने से कई केस लंबित पड़े रहेंगे। जिनका निपटारा होने में सालों लगेंगे। धरने को संबोधित करते हुए हेम सिंह ठाकुर ने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए थुनाग में कोर्ट यथावत रहना चाहिए। कोर्ट को बचाने के लिए हमें आमजनमानस से भी सहयोग चाहिए। विरोधस्वरूप प्रदर्शन अधिसूचना वापस होने तक जारी रहेगा। शुक्रवार को कोर्ट परिसर में सांकेतिक धरना दिया। कहा कि सिविल कोर्ट थुनाग के एक माह में तीन सप्ताह बंद रहने से उपमंडल थुनाग के लोगों पर भारी प्रभाव पड़ेगा। क्योंकि उन्हें न्याय के लिए 45 किमी की लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी। गोहर सिविल कोर्ट में भी कई केस लंबित हैं।